नई दिल्ली : नरेन्द्र मोदी बुधवार को यहां मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में एशियाई पैरा खेलों में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों से मिलेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री द्वारा एशियाई पैरा खेलों में इन खिलाड़ियों की उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए उन्हें बधाई देने तथा उनका उत्साह बढाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। भारत ने एशियाई पैरा खेलों में 29 स्वर्ण पदक सहित कुल 111 पदक जीते हैं। यह भारत के पिछले प्रदर्शन की तुलना में 54 प्रतिशत अधिक है। इस कार्यक्रम में खिलाड़ी, उनके कोच, भारतीय पैरालंपिक समिति एवं भारतीय ओलंपिक संघ के अधिकारीगण, राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधि और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अधिकारी भाग लेंगे।
