गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हथिनी कुंड क्षेत्र बनेगा पर्यटन का नया केंद्र

यमुनानगर : मनोहर लाल खट्टर ने बुधवार को यहां हथिनी कुंड बैराज पर जल क्रीड़ाओं की शुरुआत की। खट्टर ने इस मौके पर कहा कि पर्यटन क्षेत्र में हरियाणा आगे बढ़ रहा है। जहां-जहां पर्यटन बढ़ा है वहां के इलाके की प्रगति हुई है। लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। हरियाणा में भी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए आज हथिनी कुंड बैराज पर वॉटर राइडिंग और यमुना में बोटिंग की शुरुआत की गयी है। उन्होंने कहा कि हथिनी कुंड बैराज पर पार्क बनाया जा रहा है जिसका नामकरण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से किया गया है।

इसी तरह गुरुग्राम और नूहं जिलों में भी करीब 10 हजार एकड़ मे जंगल सफारी प्रोजेक्ट बनाए जाएंगे। इनकी जल्द शुरुआत की जायेगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में विशेषकर साहसिक खेलों में राज्य में बहुत सम्भावनायें हैं। राज्य में ऐसी अनेक गतिविधियों को बढ़ाया जा सकता है। कलेसर से कालका तक पहाड़ी के नीचे-नीचे पर्यटन की अनेक सम्भावनाएं हैं। जैसे कि पैदल ट्रैकिंग, साइकिल ट्रैकिंग और मोटरसाइकिल इत्यादि के माध्यम से विभिन्न स्थानों जैसे आदि बद्री, लोहगढ़, त्रिलोकपुर देवी मंदिर का भ्रमण कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त अनेक मनोरंजन स्थज भी पहाड़ी क्षेत्र के साथ पड़ते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ताजे वाला हैड पहले छोटा था। उसके बाद हथिनी कुंड बैराज बनाया गया, लेकिन पानी की अधिकता के कारण कलेसर में 50 मीटर ऊंचा बांध बनाया जाएगा। इस बांध से हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यह परियोजना चार राज्यों का मिलन बिन्दु हैं। यहां पर जहां पर्यटन की सम्भावना होगी वहीं चारों राज्यों में पानी की जरूरत को भी पूरा किया जा सकेगा। परियोजना के माध्यम से बिजली उत्पादन भी होगा जिसका राजस्थान और दिल्ली को भी लाभ होगा।
खट्टर ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों के साथ जनसंवाद किया। लोगों की मांग पर उन्होंने कहा कि पटियाला, पेहवा कुरुक्षेत्र, लाडवा के रास्ते यमुनानगर तक चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से बात चल रही है, यदि छह माह तक प्राधिकरण ने यह सड़क़ नहीं बनाई तो अगले छह माह में राज्य सरकार यह सड़क बनाएगी। राज्य के पर्यटन मंत्री कंवर पाल, पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव एम.डी. सिन्हा, अम्बाला मंडलायुक्त रेणू फूलिया तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *