कोलकाता : पश्चिम बंगाल में कथित शिक्षक भर्ती घोटाले में धन के लेन-देन की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने 6000 पन्नों का एक दस्तावेज सौंपा है। अभिषेक ने गुरुवार को यह जानकारी दी। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि डायमंड हार्बर लोकसभा सदस्य और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक सुबह करीब 11 बजे साल्ट लेक के सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी कार्यालय पहुंचे। अभिषेक दोपहर 12:10 बजे के आसपास संघीय एजेंसी के कार्यालय से चले गए।
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मैंने ईडी अधिकारियों को आश्वासन दिया है कि जब भी उन्हें बुलाया जाएगा, वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे। सूत्रों ने कहा कि कई टीएमसी नेताओं की गिरफ्तारी के बाद कथित तौर पर अभिषेक का नाम सामने आने के बाद एजेंसी ने उनसे अपनी आय के ज्ञात स्रोतों के बारे में विस्तृत जानकारी देने को कहा था। अभिषेक ने संवाददाताओं से कहा, ”ईडी ने मुझसे कुछ दस्तावेज मांगे और मैंने उन्हें जमा कर दिया और एजेंसी को जांच में सहयोग का आश्वासन दिया।”
