जम्मू : जम्मू के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. विनोद कुमार ने गुरुवार को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में दो पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि नियमित रात्रि जांच ड्यूटी पर पुलिस अधिकारियों की एक नामित टीम को एक पुलिस वाहन लावारिस मिला और रात्रि ड्यूटी के लिए तैनात पुलिसकर्मी ड्यूटी में लापरवाही करते पाये गये। इस पर एसएसपी जम्मू ने पुलिस चौकी चिनौर के दो पुलिस कर्मियों को निलंबित करने का आदेश दिया। निलंबित पुलिस कर्मियों में कांस्टेबल जगदीश राज और वसीम अकरम हैं। कुमार ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों से विभाग के निर्धारित मानदंडों के अनुसार सख्ती से निपटा जायेगा।
