हरदोई : उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के पिहानी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह हादसा पिहानी जहानी खेड़ा मार्ग पर हरैया गांव के पास सुबह करीब 11 बजे हुआ। यहां तेज रफ्तार से जा रहे पिकअप डाला और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस टक्कर में बाइक पर सवार तीन लोगों में से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पंडरवा गांव निवासी शिवम (24 ) अपनी दवा लेने के लिए बाइक से अपने साथी नंदराम (27) व एक अन्य के साथ पिहानी आया था। सीएचसी पिहानी से दवा लेकर वह तीनों एक बाइक से वापस जा रहे थे कि उसी समय यह हादसा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची जहां शिवम व नंदराम को मृत घोषित कर दिया गया जबकि तीसरे को इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
सड़क हादसा : दो मरे, 1 गंभीर
