भिंड : ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के भिंड दौरे को लेकर आज उन पर जमकर हमला किया और कहा कि भिंड एक स्वाभिमानी ज़िला है, अगर यहां की जनता के साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है तो वे जनता से निवेदन करते हैं कि वह कांग्रेस का बोरियां बिस्तर बांध कर उस पर ताला लगा दें। सिंधिया ने यह बात भिंड में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि 15 महीने कांग्रेस की सरकार थी, लेकिन क्या एक बार भी तत्कालीन मुख्यमंत्री भिंड आए। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव चल रहे है। अभी भी नहीं आए, जो मुख्यमंत्री ज़िला मुख्यालय में नहीं आए, वो अगर सरकार में आ गया, तो क्या पाँच साल में कभी आएगा। भिंड एक स्वाभिमानी ज़िला है। अगर यहां की जनता के साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है तो वे जनता से निवेदन करते हैं कि कांग्रेस की बोरी बिस्तर बांध कर उस पर बड़ा ताला लगाकर, चाभी को चम्बल में फेंक दो।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा ने भिंड को हमेशा प्राथमिकता दी है। अगर यहां की जनता ने चाहा कि भिंड नगर निगम बनना चाहिए तो भाजपा ने उसे नगर निगम बनाया है। उन्होंने कहा कि उनका भिंड के साथ केवल भावनात्मक नहीं प्रगति का भी रिश्ता है। भिंड की जनता पार्टी प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह को चुनती है तो वह साथ में ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी चुन रही है।
उन्होंने कहा कि हाल ही भाजपा कार्यकर्ता उनके पास आए थे। बायपास की मांग की थी उन्होंने उसे तुरंत स्वीकृत कराई थी। भांडेर-दबोह, लाहार-मिहोना राष्ट्रीय राजमार्ग अब बाइपास के रूप में गुज़रेगा। भिंड में जल्दी मेडिकल कॉलेज बनने वाला है। 150 करोड़ अमृत जल योजना का कार्य-आरओ का साफ़ पानी घर-घर पहुंचाने का काम होने जा रहा है। सीवर लाइन प्रोजेक्ट अंतिम चरण पर और इसके साथ ही अन्य कई विकास के कार्य किए जा रहे हैं।
