जयपुर : राजस्थान में आगामी 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा आम चुनाव में जययपुर के सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी गोपाल शर्मा ने भ्रष्टाचार, अहंकार एवं राष्ट्रवाद को चुनावी मुद्दे बताते हुए कहा है कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम पर सिविल लाइंस के सम्मान और भारत माता के स्वाभिमान के लिए विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं।
शर्मा मंगलवार को यहां पिंकसिटी प्रेस क्लब में संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही। उन्होंने सिविल लाइंस विधान क्षेत्र के मुद्दों के सवाल पर कहा कि यहां तीन मुद्दे हैं जिनमें अहंकार बनाम जनता, राष्ट्रवाद बनाम तुष्टीकरण एवं भ्रष्टाचार बनाम ईमानदारी शामिल है। उन्होंने कहा “इन मुद्दों को लेकर हम सडक़ों पर है। दलाली लेकर सडक़ें बनी है तो सडक़ के नीचे मिट्टी मिलेगी, कोई विकास की बात कर रहा है तो उसके पीछे खोखलापन है। मूल में ये तीनों मुद्दे ही है। एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि एक देश में दो तरह व्यवहार क्यों हो रहा है। सिविल लाइंस का अर्थ ही सिविलियन है। व्यक्ति सिविलियन तो हो।” उन्होंने सिविल लाइंस को उनकी जड़ बताते हुए कहा कि जीवन का लंबा समय इसी विधानसभा क्षेत्र में बीता है।
एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि श्री प्रताप सिंह खाचरियावास तो श्री भैरों सिंह शेखावत का विरोध करने के लिए कांग्रेस में गए थे। पत्रकारिता और राजनीति के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पढऩा-लिखना उनका स्वभाव है। पत्रकारिता और राजनीति में संतुलन बैठाते हुए आगे की राह तय करेंगे। मंजिल की ओर बढ़ते कदमों को जनता का पूरा आशीर्वाद मिल रहा है। सिविल लाइंस की जनता जाग चुकी है। वोटों की ठेकेदारी करने वाले ठेकेदारों के सभी प्रयास विफल होंगे और सिविल लाइंस में कमल खिलकर रहेगा।
उनके विधायक चुने जाने के बाद पत्रकार सुरक्षा के संबंध में पूछे गए सवाल पर श्री शर्मा ने कहा कि उनके विधायक बनने के बाद पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़ा कोई सवाल नहीं बचेगा और विधानसभा के बाहर पत्रकारों को धूप में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। पत्रकार श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा ने राजस्थान की राजधानी में सिविल लाइंस से उन्हें टिकट देकर सभी पत्रकारों पर भरोसा जताया है। इससे पूर्व पिंकसिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष राधारमण शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार वीरेन्द्र सिंह राठौड़ एवं एल एल शर्मा ने श्री शर्मा का स्वागत किया। पिंकसिटी प्रेस क्लब के महासचिव रामेन्द्र सिंह सोलंकी ने आभार प्रकट किया।
