भोपाल : शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेताओं पर हमला करते हुए आज कहा कि वे असत्य बोलकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। चौहान ने आज चुनाव प्रचार समाप्त होने से पहले यहां कोलार क्षेत्र में भोपाल के हुजूर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रामेश्वर शर्मा के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने झूठ फैलाया की केन्द्र सरकार ने भारत हैवी इलेक्ट्रिकल कारखाना बेंच दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को शर्म आनी चाहिए की वे इस तरह झूठ बोलकर जनता के बीच भ्रम पैदा कर रहे हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर उन्होंने कहा कि वह कहती हैं कि भगवान राम 13 साल के लिए वनवास गए थे। वे डीजल पेट्रोल पर जीएसटी लगाने की बात करती हैं, जबकि डीजल पेट्रोल पर जीएसटी नहीं लगती है। फिर भी झूठ पर झूठ बोले जा रही हैं। वे कहती हैं, 3 साल में बस 21 रोजगार दिये हैं। उन्होंने कहा कि 50 हजार को नियुक्ति पत्र तो उन्होंने इसी साल दिये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी पता नहीं किस दुनिया में रहते हैं। वर्ष 2018 में आये, बोले मोबाइल में लिखा है, मेड इन चाइना। मेरी सरकार आयी तो मेड इन भोपाल, मेड इन चित्रकूट बनेगा। अब उन्होंने तो कुछ किया नहीं, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कमाल कर दिया। सारे मोबाइल यहां बनने लगे और विदेशों में भी एक्सपोर्ट होने लगे। अब वो भी भूल गए मनमोहन नहीं, मोदी का राज है।
सभा में सबसे पहले उन्होंने कहा कि वे उनसे मांफी मांगते हैं जिनके विधानसभा क्षेत्रों में वे पहुंच नहीं पाए हैं। उन्होंने कहा कि आचार संहिता के बाद आज तक 165 सभाएं की हैं। एक दिन में मैंने 12-13 सभाएं की दौड़-दौड़ कर की। हेलिकॉप्टर से उतर कर दौड़ता था और फिर हेलिकाप्टर तक दौडकर चढता था, लेकिन फिर भी 165 तक ही पहुंच पाया। वे बाकी उम्मीदवारों से मांफी मांगते हैं। वो कहते रहे कि एक बार आ जाओं। आज यहीं से जनता को सम्बोधित कर रहे हैं। जनता से अपील कर रहे हैं कि जहां वे नहीं पहुंच पाए, वहां के भी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों को जिताना। वे कोई कसर विकास में नहीं छोडेंगे।
कांग्रेस नेता झूठ बोलकर फैला रहे हैं भ्रम
