नई दिल्ली : अनुभवी फुटबॉल कोच आर्सेन वेंगर वैश्विक फुटबॉल संस्था (फीफा) की प्रतिभा विकास योजना के तहत शुरू की जाने वाली एआईएफएफ(अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ)-फीफा अकादमी का 21 नवंबर को भुवनेश्वर में उद्घाटन करेंगे। सूत्रों ने बुधवार को बताया कि फीफा टीडीएस कार्यक्रम का उद्देश्य दुनिया भर में विभिन्न सदस्य संघों के साथ सहयोग करके उनकी राष्ट्रीय टीमों की प्रतिस्पर्धात्मकता को बढावा देना है। फीफा ने अपना टैलेंट कोचिंग प्रोग्राम भी शुरू किया है, जिसके साथ वह सदस्य संघों को सक्रिय ऑन-ग्राउंड समर्थन प्रदान करता है।
एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे ने कहा, “श्रीमान आर्सेन वेंगर 19 से 23 नवंबर तक भारत में रहेंगे। इस अवधि के दौरान वह और उनकी टीम आईएसएल, आई-लीग क्लबों और उन सभी लोगों से मुलाकात करेंगे जो भारतीय फुटबॉल में युवा विकास से जुड़े हैं।” उन्होंने कहा, ‘‘हमारा प्रयास इस अकादमी को सुचारू बनाने का होगा। हमें विश्वास है कि वेंगर का अपार अनुभव और चीजों की गहरी समझ इस अकादमी को विश्व स्तरीय सुविधा में बदलने में बहुत मददगार होगी।’’
एआईएफएफ के कार्यवाहक महासचिव सत्यनारायण एम ने कहा, “यह हमारी दीर्घकालिक दृष्टि की दिशा में एक बड़ा कदम है और 14 साल से कम उम्र के युवाओं में निवेश करना शायद सबसे बड़ी शुरुआत है। हम देश के अन्य हिस्सों में भी ऐसे ही प्रयासों पर काम करना शुरू करेंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रतिभा की अनदेखी न हो। यह निश्चित रूप से भारतीय फुटबॉल के लिए रोमांचक समय है।”
ओडिशा सरकार के खेल और युवा सेवा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव आर विनील कृष्णा ने कहा, “हम बहुत उत्साहित हैं कि भुवनेश्वर को फीफा टैलेंट अकादमी के लिए चुना गया है। ओडिशा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नवीन पटनायक ने हमें भारत में फुटबॉल के विकास के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। हम अपने फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए सर्वोत्तम सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए एआईएफएफ के साथ करीबी साझेदारी में काम कर रहे हैं।’”
फीफा ने सेर्गी अमेजकुआ फॉन्ट्रोडोना को फीफा-प्रशिक्षित कोच के रूप में अनुशंसित किया है, जो परियोजना को लागू करने के लिए भारत में स्थानांतरित होंगे और फीफा-एआईएफएफ अकादमी में मुख्य कोच के रूप में कार्य करेंगे। अमेजकुआ अगस्त 2023 से फीफा टीडीएस कोच हैं और उन्हें पहले बार्सा अकादमी प्रो हाइकोउ में परियोजना निदेशक के रूप में चीन में फुटबॉल के विकास का अनुभव है।
वेंगर करेंगे एआईएफएफ-फीफा अकादमी का 21 नवंबर को उद्घाटन
