नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में आयकर विभाग ने करदाता लाउंज लगाया है जिसका उद्देश्य विभाग द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना है तथा स्वैच्छिक अनुपालन को आसान बनाने के लिए डिजिटलीकरण, पारदर्शी कराधान, ई-पैन, ई-फाइलिंग, ऑनलाइन शिकायत निवारण आदि के क्षेत्रों में विभिन्न पहलों का प्रदर्शन करना है।
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के अध्यक्ष नितिन गुप्ता ने आज प्रगति मैदान के हॉल नंबर 5 में सीबीडीटी के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में लाउंज का उद्घाटन किया। सीबीडीटी अध्यक्ष ने विभाग द्वारा विकसित ‘मोटू पतलू’ श्रृंखला पर तीन डिजिटल कॉमिक पुस्तकें भी जारी की गयी। ये कॉमिक्स युवा पाठकों को आयकर की अवधारणाओं को मजेदार और आसान तरीके से समझाती हैं और विभाग की राष्ट्रीय वेबसाइट पर उपलब्ध होंगी।
आईआईटीएफ की थीम ‘वसुधैव कुटुंबकम-यूनाइटेड बाय ट्रेड’ के अनुरूप, करदाताओं के लाउंज के प्रदर्शन और इंटरैक्टिव डिस्प्ले इस बात पर प्रकाश डालते हैं कि आयकर विभाग व्यापार को कैसे सुविधाजनक बनाता है। इसके अलावा, करदाताओं का लाउंज हाल के दिनों में विभाग द्वारा की गई विभिन्न करदाता-सुविधा पहलों के बारे में करदाताओं को शिक्षित करने और राष्ट्र निर्माण में करों के महत्व के बारे में बच्चों और युवा वयस्कों (भविष्य के करदाताओं) के बीच जागरूकता पैदा करने का भी प्रयास करता है।
राष्ट्र निर्माण में करों के योगदान के बारे में युवा पीढ़ी को शिक्षित करने के महत्व को पहचानते हुए लाउंज में एक इंटरैक्टिव चिल्ड्रन कॉर्नर भी है। चिल्ड्रन कॉर्नर में कॉमिक बुक्स, बोर्ड गेम्स, वर्चुअल रियलिटी गेम्स आदि जैसी सुविधाएं हैं। बच्चे विभाग के 3 कॉपीराइट कॉमिक कैरेक्टर शुभंकरों, ‘जानकारी बाबू’, ‘टैक्स परी’ और टैक्सा’ के साथ भी बातचीत कर सकते हैं। लाउंज में कराधान और राष्ट्र-निर्माण के विषयों पर नुक्कड़ नाटक, क्विज़ शो, जादू शो, बच्चों के लिए ड्राइंग/पेंटिंग प्रतियोगिता आदि का भी आयोजन किया गया है।
व्यापार मेले में आयकर विभाग का लाउंज
