गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

राजनाथ ने रक्षा मंत्रियों के साथ बैठक की

नई दिल्ली : राजनाथ सिंह ने गुरूवार को इंडाेनेशिया के जकार्ता में आसियान देशों के रक्षा मंत्रियों की 10 वीं बैठक एडीएमएम-प्लस के मौके पर अपने इंडोनेशियाई और वियतनामी समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। सिंह ने इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री प्रबोवो सुबिआंतो के साथ द्विपक्षीय रक्षा संबंधों की समीक्षा की और विशेषकर समुद्री क्षेत्र में सहयोग को अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने प्रशिक्षण तथा अभ्यास के रूप में नियमित आदान-प्रदान की भी समीक्षा की और रक्षा उद्योग सहयोग को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा की। दोनों देशों ने 2021-2024 के लिए मानवीय सहायता और आपदा राहत पर विशेषज्ञ कार्य समूह की सह-अध्यक्षता की है।

सिंह ने वियतनाम के रक्षा मंत्री जनरल फान वान गियांग से भी बातचीत की। दोनों ने जून 2022 में रक्षा मंत्री की वियतनाम यात्रा के दौरान हस्ताक्षरित ‘2030 की ओर भारत-वियतनाम रक्षा साझेदारी पर संयुक्त दृष्टि वक्तव्य’ के कार्यान्वयन में प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बहुआयामी द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को पुख्ता करने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। दोनों देशों के रक्षा संबंध, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, रक्षा उद्योग सहयोग, संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना, द्विपक्षीय यात्राओं और अभ्यास सहित विस्तृत स्पेक्ट्रम में फैले हुए हैं।
रक्षा मंत्री ने 10वें एडीएमएम-प्लस के मौके पर आसियान के महासचिव डॉ. काओ किम होर्न से भी मुलाकात की। आसियान के लिए भारत के निरंतर समर्थन को दोहराते हुए श्री सिंह ने रक्षा मंत्रियों की पहली आसियान-भारत अनौपचारिक बैठक, पहले आसियान-भारत समुद्री अभ्यास, संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना में महिलाओं के लिए भारत की पहल सहित भारत-आसियान गतिविधियों में आसियान सदस्य देशों की उत्साही भागीदारी की सराहना की।
रक्षा मंत्री ने आसियान-भारत परियोजनाओं के कार्यान्वयन में आसियान सचिवालय के उत्कृष्ट समर्थन की भी सराहना की। उन्होंने आसियान-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के मद्देनजर आसियान-भारत सहयोग को बढ़ाने के तरीकों और साधनों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
इससे पहले दिन में श्री सिंह ने 10वें एडीएमएम-प्लस में भाग लिया। उन्होंने एडीएमएम-प्लस की सफल अध्यक्षता के लिए इंडोनेशियाई रक्षा मंत्री को बधाई दी। बैठक के दौरान, रक्षा मंत्री ने एडीएमएम-प्लस के नए अध्यक्ष के रूप में लाओस का स्वागत किया और 2024 में कार्यक्रमों के संचालन के लिए सफलता की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *