जम्मू : जम्मू-कश्मीर में राजौरी जिले के बुद्धल इलाके में शुक्रवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी मारा गया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने आज सुबह राजौरी के बेहरोट इलाके में घेराबंदी और तलाश अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों के जवान संदिग्ध क्षेत्र की ओर बढ़े , तभी वहां छिपे आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी की जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गयी। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया । सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान एक एके 47 राइफल , गोला-बारूद , तीन ग्रेनेड तथा अन्य सामग्रियां बरामद की है।
