गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सड़क हादसा : नौ की मौत, दो घायल

सात एक ही गांव के शामिल

नैनीताल : उत्तराखंड के नैनीताल जिले के ओखलकांडा में शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में मृतकों की संख्या नौ हो गयी है जबकि दो लोग घायल हो गये हैं। मृतकों में सात एक ही गांव के हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मिली जानकारी के अनुसार ओखलकांडा ब्लाक के डालकन्या और अधौड़ा के रहने वाले दस लोग एक कैम्पर में सवार होकर हल्द्वानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान छीड़ाखान-रीठा साहिब मोटर मार्ग पर कैम्पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सबसे पहले आसपास के ग्रामीण और खनस्यू पुलिस मौके पर पहुंची। तत्काल राहत व बचाव कार्य चलाया गया। चालक समेत नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दो लोग किसी तरह से बच निकले। एक को घायल को हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल पहंुचाया गया है। मृतकों में धनी देवी, तुलसी प्रसाद, श्रीमती रमा देवी, तरूण पनेरू, देवी दत्त और नरेश पनेरू, राजेन्द्र पनेरू, शिवराज सिंह और नवीन सिह शामिल हैं। इनमें सात एक ही गांव डालकन्या के रहने वाले हैं जबकि दो मृतक अधौड़ा के निवासी हैं।
इस दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोग काल के ग्रास में समा गये। मृतक तुलसी प्रसाद, उसकी मां धनी देवी, पत्नी रमा देवी और बेटा तरूण पनेरू की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गयी है। भीषण दुर्घटना में वाहन चालक राजेन्द्र पनेरू की भी मौत हो गयी। घायलों में हेम चंद्र पनेरू और योगेश चंद्र शामिल हैं। इनमें से एक गंभीर घायल को हल्द्वानी एसटीएच भेजा गया है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक और घायल परिजन के पीपलपानी में शामिल होने के लिये जा रहे थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रूपये की आर्थिक सहायता दिये जाने की घोषणा की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *