अजमेर : योगी आदित्यनाथ योगी ने राजस्थान के अजमेर जिले में किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी एवं सांसद भागीरथ चौधरी का चुनाव संकल्प पत्र लांच किया। योगी ने गुरुवार को किशनगढ़ में विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए चौधरी का संकल्प पत्र लांच करते हुए कहा कि आज देश में नैतिक मूल्यों की लड़ाई है, इसे तभी जीता जा सकता है जब आप सबका वोट भाजपा को मिले।
उन्होंने चौधरी के विधायक एवं सांसद कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए भरोसा दिलाया कि प्रदेश में भाजपा सत्ता में आती है तो किशनगढ़ की उन्नति एवं विकास दोगुनी रफ्तार से होगा। योगी ने कहा कि चौधरी के वादों की गारंटी इस बात से पुख्ता हो जाती है कि प्रदेश में भाजपा के सत्ता में न होते हुए भी इन्होंने सांसद रहते हुए क्षेत्रवासियों के लिए ऐतिहासिक कार्य किए है। चौधरी को जिताकर विधानसभा में भेजेंगे तो डबल ईंजन की सरकार के साथ क्षेत्र की प्रगति होगी।
उन्होंने डबल इंजन की सरकार के फायदे बताते हुए कहा कि अयोध्या में भव्य राम मन्दिर का निर्माण इसी कारण हो पाया कि जनता ने उत्तरप्रदेश में डबर्ल इंजन की सरकार बनाई है। चौधरी के संकल्प पत्र में जनता से वादा किया गया है कि पेयजल के लिए अरांई में मसाणिया बालाजी किशनगढ में 20 लाख लीटर क्षमता का वाटर स्टोरेज टेंक बनाकर उसे बीसलपुर से जोड़कर अरांई क्षेत्र के एक लाख परिवारों के लिए शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाएगी।
जल जीवन मिशन के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर जल के सपने को साकार करेंगे। इसके लिए विधानसभा क्षेत्र के हर ग्राम पंचायत पर एक ओवरहेड वाटरटेंक (उच्च जलाशय) और सप्लाई सिस्टम विकसित करेंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में घर-घर कनेक्शन के लिए आधारभूत ढांचा तैयार करेंगे। बीसलपुर से नसीराबाद तक भी स्टील पाईपलाईन किशनगढ की परियोजना के लिए डाली जायेगी।
