गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सफाई व दमकलकर्मियों का मंत्री के आवास पर धरना शुरू

हिसार : हरियाणा में यहां नगर पालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले राज्य भर के सफाई और दमकल कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर शनिवार को निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के आवास के सामने शनिवार को प्रदर्शन कर धरना शुरू कर दिया।
हड़ताली कर्मचारी मंत्री आवास के पास एक सड़क किनारे टेंट लगाकर धरने पर बैठ गये हैं। इससे पहले इन्होंने अपने ऐलान के मुताबिक मंत्री की वादाखिलाफी के विरोध में शहर में धिक्कार प्रदर्शन किया। संघ की हिसार इकाई के प्रधान राजेश बागड़ी ने बताया कि सफाई और दमकल कर्मचारियों ने अक्तूबर 2022 में 11 दिन की हड़ताल की थी।

इसके बाद 29 अक्तूबर 2022 और पांच अप्रैल 2023 को निकाय मंत्री डॉ. गुप्ता और मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव वी. उमाशंकर की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। दोनों वार्ताओं में संघ की कई मांगें मान ली गई थीं। लेकिन आज इन्हें अमल में नहीं लाया गया। उलटे गुरुग्राम के 3480, रोहतक नगर निगम के 500 सहित अन्य पालिकाओं, परिषदों और पांच हजार दमकल कर्मियों को नौकरी से निकाल दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार की इस दमनकारी नीति से पालिका, परिषद, निगम और दमकल कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। इसी को लेकर गत 15 अक्तूबर को रोहतक में की गई राज्य स्तरीय आक्रोश रैली में सरकार की दमनकारी नीतियों के विरोध में आंदोलन की घोषणा की गई थी और इसी के तहत यहां धरना शुरू किया गया है। पहले दिन धरने में हिसार के अलावा सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी और जींद के कर्मचारी शामिल हुये। धरने की अध्यक्षता संघ के प्रदेश प्रधान नरेश शास्त्री ने की।
संघ की मांगों में अग्निशमन को निकाय विभाग से अलग न करना, दमकल विभाग में 2063 फायर ऑपरेटर की भर्ती पर रोक लगाना तथा 1327 फायरमैन और चालकों को समायोजित कर नौकरी की गारंटी देना, ठेके पर लगे सफाईकर्मियों और सीवर मैन को विभाग में नियमित करना, सफाईकर्मियों को एक हजार रुपये स्वच्छता राशि और दमकलकर्मियों को को एक हजार रुपये जोखिम भत्ता देना, पात्र कर्मचारियों को समान काम समान वेतन देना, छंटनी किए गए कर्मचारियों को वापस काम पर लेना, ठेकों की अवधि बढ़ाने और रुके हुए वेतन का तुरंत प्रभाव से भुगतान करना आदि शामिल है। संघ ने कहा है कि शनिवार और रविवार को शहर में न तो घरों से कचरा उठेगा और न ही सड़कों की सफाई होगी। अब शहर में सोमवार को ही सफाई होगी।
वहीं, हिसार में सफाईकर्मियों के प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने पुलिस उपाधीक्षक सतपाल सिंह को नोडल सुरक्षा अधिकारी के तौर पर नियुक्त किया है। उनके साथ एक इंस्पेक्टर, 24 महिला पुलिसकर्मी, 24 पुरुष पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सम्बंधित इलाके के थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ स्तर्क रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *