हिसार : हरियाणा में हिसार बिजली विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं स्थानीय निवासी बलदेव पूनिया ने अधिक ब्याज देने का लालच देकर बुडाना गांव के सुरेंद्र सिवाच पर 710000 रुपए ठगने का आरोप लगाया है। पूनिया ने अर्बन एस्टेट थाने में आरोपी के खिलाफ दी गई शिकायत में कहा है कि वह 26 अगस्त 2019 को निजी काम से विद्युत सदन आया था और अपना कार्य करके वापिस घर जा रहे थे तो रास्ते में उन्हें सुरेन्द्र सिवाच मिला जिसे वह पहले से ही जानते थे।
सिवाच उन्हें अपने ऑफिस ले गया और खुरू को फिनफिट निधि लिमिटेड कम्पनी का निदेशक बताया और कहा कि वह ट्रेडिंग का काम करता है। उसकी कम्पनी में निवेश करने वाले को सावधि जमा पर 12 प्रतिशत सालाना और पांच रुपये सैंकड़ा अतिरिक्त लाभ हर माह देता है।
आरोपी ने दावा किया कि उसकी कम्पनी भारत सरकार द्वारा प्रमाणित है। वह आरोपी के झांसे में आ गये 29 अगस्त 2019 को चेक के माध्यम से तीन लाख रुपए और तीन लाख रुपए नगद सुरेंद्र सिवाच को दे दिए। इसके बाद नवम्बर 2019 में पुत्रवधू के खाते से चेक से 50000 और नगद 60000 आरोपी को और दिये गये। इस तरह आरोपी को कुल 7,10,000 रुपए दिए गये, लेकिन आरोपी के वादे के अनुसार खाते में कई महीनो तक कोई पैसा नहीं आया।
कार्यालय के चक्कर लगाने पर आरोपी बरगलाता रहा। वह 22 फरवरी 2021 को फिर से आरोपी के कार्यालय गये तो यह बंद मिला और पता लगा कि आरोपी फरार हो गया है। श्री पूनिया के अनुसार पांच अप्रैल 2021 को आरोपी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दी गई, लेकिन अभी तक उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
