गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कांग्रेस का घोषणा-पत्र झूठ का पुलिंदा

जयपुर : गजेन्द्र सिंह शेखावत ने राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के मंगलवार को जारी घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा करार दिया है। शेखावत ने यहां भाजपा प्रदेश मीडिया सेंटर में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कहते हुए कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 15 साल तक शासन किया और तीन बार एक ही व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनने का मौका दिया लेकिन सिवाय प्रदेश को रेप कैपिटल बनाने, किसानों की जमीनें नीलाम करने और युवाओं से पेपर लीक के नाम पर छलावा करने के कुछ भी नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वर्ष 2018 में भी घोषणा पत्र जारी किया था जो कि महज 44 पेज का था और इसमें कांग्रेस पार्टी ने जो वादे और घोषणा किए थे उनमें से एक भी पूरा नहीं किया इसलिए अबकी बार दोगुना 85 पेज का घोषणा पत्र लेकर आए हैं। कांग्रेस ने 2023 के घोषणा पत्र के प्राक्कथन में लिखा है कि हमने 2018 के जन-घोषणा पत्र में किए गए 96 प्रतिशत वादे पूरे किए हैं। इससे समझा जा सकता हैं कि झूठ की शुरूआत प्राक्कथन से ही कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों के लिए जो वादे किए थे उसके प्रथम बिंदु में कहा था कि 10 दिवस में किसानों का संपूर्ण कर्जा माफ करेंगे लेकिन जो हुआ वह सबके सामने है। प्रदेश के 20 हजार से ज्यादा किसानों की जमीनें नीलाम की गई और सैंकड़ो किसानों ने कर्ज से तंग होकर आत्महत्या कर ली। किसानों को फसल खराबे का मुआवजा देने की बात कही थी लेकिन कोई मुआवजा नहीं दिया गया।
शेखावत ने कहा कि कांग्रेस ने कहा था कि किसानों की फसल का उचित मूल्य दिलाएंगे जबकि राजस्थान के किसानों को बाजरा बेचने के लिए हरियाणा जाना पड़ा। वृद्ध किसानों को पेंशन देना किसानों को कृषि कार्य के लिए बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करना और गुणवत्तायुक्त बिजली उपलब्ध कराने का वादा भी पूरी तरह खोखला निकला।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने स्वास्थ्य का अधिकार लागू करने का वादा 2018 के घोषणा पत्र में किया था जिसमें पंचायत स्तर पर मेडिकल मोबाइल वैन चलाने की बात कही गई थी, इसके बाद वैन की खरीद भी की गई लेकिन अभी तक नहीं चल पाई अधिकांश वैन राजधानी जयपुर में धूल फांक रही हैं। राजस्थान को बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनाने का वादा किया था और बिजली की दरें नहीं बढ़ाने का वादा किया था लेकिन आज राजस्थान में सबसे महंगी बिजली है। उन्होंने कहा कि चौबीस घंटे बिजली देने का वादा भी पूरी तरह झूठा साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *