फगवाड़ा : पंजाब में फिल्लौर से लुधियाना का सफर जेब पर अब और भारी पड़ेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने लाढोवाल टोल प्लाजा पर टोल दरें 85 दिन बाद पुन: बढ़ा दी हैं और ये आज से लागू भी हो गईं हैं। इस टोल प्लाजा पर एनएचएआई ने गत एक सितम्बर को ही टोल दरें बढ़ाईं थीं लेकिन आज से इनमें फिर से वृद्धि की गई है।
टोल प्लाजा प्रबंधक गौरव कुमार ने आज यहां बताया कि अब हर कार चालक को एक तरफ का टोल 215 रूपये चुकाना होगा जो अब से पहले 165 रूपये था।
जबकि आने जाने की यह राशि 325 रूपये होगी जो पहले 245 रूपये थी। ऐसे में जब फिल्लौर और लुधियाना के बीच की दूरी मात्र 12 किलोमीटर है। इसी तरह हल्के वाहनों को एक तरफ के लिये 285 रूपये की जगह 350 रूपये और आने-जाने के लिये 430 रूपये की जगह 520 रूपये चुकाने होंगे।
उन्होंने बताया कि बस और ट्रक चालकों को अब एक तरफ का टोल 575 की जगह 730 रूपये तथा दो तरफ का 850 रूपये की जगह 1095 रूपये देना होगा। इससे भारी वाहनों को एक तरफ के लिये 925 रूपये की जगह 1140 रूपये तथा दो तरफ आने जाने के लिये 1385 रूपये की जगह 1715 रूपये चुकाने होंगे। टोल प्लाजा की 20 किलोमीटर की परिधि में रहने वालों के लिये मासिक पास 300 रूपये की जगह अब 330 रूपये का बनेगा।
इस बीच कांग्रेस विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल, विक्रम सिंह चौधरी, डा. नवजोत सिंह दहिया अैर परमिंदर मेहता ने टोल दरें बढ़ाने का विरोध किया है तथा इन्हें तुरंत वापस लेने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकार और प्राईवेट कम्पनियों को टोल दरें बढ़ाने से पूर्व लोगों को बेहतर सड़कें और अन्य सुविधाएं मुहैया करानी चाहियें। उन्होंने कहा कि यह टोल वृद्धि कम दूरी तय करने वालों के लिये बड़ा बोझ साबित होगी।
