हैदराबाद : डी के शिवकुमार ने शनिवार को कहा कि तेलंगाना के लोग भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के शासन से परेशान हैं और राज्य में बदलाव की आकांक्षा रखते हैं। शिवकुमार ने यहां मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि हैदराबाद और बेंगलुरु को देश का जुड़वां राज्य माना जाता है। हैदराबाद के विकास का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्रियों एन चंद्रबाबू नायडू और वाई एस राजशेखर रेड्डी को दिया जाता है।
शिवकुमार ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी कर्नाटक में अपने चुनावी वादे पूरे कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक चुनाव में घोषित पांच गारंटी लागू हो चुकी हैं। उन्होंने तेलंगाना में कांग्रेस सरकार बनने का भरोसा जताते हुए छह गारंटी लागू करने का आश्वासन दिया। उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) और मंत्री केटीआर से स्थिति को समझने के लिए कर्नाटक का दौरा करने का आग्रह किया।
शिवकुमार ने कहा है कि प्रत्येक राज्य की अलग-अलग आवश्यकताएं हैं और उनकी योजनाएं प्रत्येक राज्य में लोगों की जरूरतों के अनुरूप हैं। इस मामले में तेलंगाना को पीछे छोड़ते हुए कर्नाटक में किसानों के लिए मुफ्त बिजली की शुरुआत की गयी है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री केसीआर सच्चे नहीं हैं। उन्होंने उन्हें ‘झूठा’ करार दिया।
