लखनऊ : उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ते (यूपीएटीएस) ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) से संबंध रखने वाले एक शातिर युवक को बुधवार को अलीगढ़ जिले से गिरफ्तार किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एटीएस को इनपुट मिल रहे थे कि कुछ लोग आईएसआईएस की शपथ लेकर देश विरोधी गतिविधियों के साथ अवैध गतिविधियां चला रहे हैं। इस सिलसिले में पिछले साल तीन नवंबर को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत लखनऊ के एटीएस पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने कहा कि अब तक अब्दुल्ला अर्सलान, माज बिन तारिक और वजीहुद्दीन समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी ने अदालत के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उन्होंने कहा, “ एटीएस एक आरोपी फैजान बख्तियार (24) की तलाश कर रही थी, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।”
प्रवक्ता ने बताया कि भौतिक एवं जमीनी निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए एटीएस ने फैजान को अलीगढ़ से गिरफ्तार किया. उन्होंने कहा, “ पूछताछ में फैजान ने खुलासा किया कि रिजवान अशरफ से शपथ लेने के बाद, उसने पहले गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों के साथ मिलकर आईएसआईएस का एक अलीगढ़ मॉड्यूल तैयार किया, जिसके जरिए हम लोगों को जोड़ रहे थे।”
फैजान ने खुलासा किया कि आईएसआईएस का अलीगढ़ मॉड्यूल राज्य के कई जिलों में फैला हुआ है।उन्होंने कहा, “ आईएसआईएस के अलीगढ़ मॉड्यूल का खुलासा होने के बाद फैजान छिपकर रह रहा था। वह अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से मास्टर इन सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू) का कोर्स कर रहा था।”
आईएसआईएस से संबंध रखने वाला शातिर गिरफ्तार
