शिमला : हिमाचल प्रदेश में श्रीखंड महादेव यात्रा के पहले ही दिन एक श्रद्धालु की मौत हो जाने से यात्रा को दो दिनों तक स्थगित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार आधार शिविर सिंघगाड से पहले शिविर थाचडू की खड़ी चढ़ाई चढ़ते समय मध्यप्रदेश के एक श्रद्धालु की तबीयत ख़राब हो गई और शिविर तक पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के अमर मोईदे (33) के रूप में हुई है।
उपखंड अधिकारी (एसडीएम) मनमोहन सिंह ने कहा कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही लग पाएगा। श्रीखंड महादेव यात्रा शुक्रवार को आधिकारिक रूप से शुरू हुई। उपायुक्त कुल्लू एवं ट्रस्ट के अध्यक्ष आशुतोष गर्ग ने आज यहां बताया कि इसके बाद प्रदेश में यात्रा को 09 एवं 10 जुलाई दो दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश के अलर्ट एवं पार्वती बाग से आगे रास्ते के क्षतिग्रस्त हो जाने के चलते लिया गया है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान मनाली के दल द्वारा रास्ते की मरम्मत का कार्य आरंभ कर दिया गया है।
उन्होंने 09 एवं 10 जुलाई को यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं से आगामी सूचना तक अपनी यात्रा स्थगित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यात्रा के प्रथम आधार शिविर सिंहगाड में पहले से ही श्रद्धालु की भारी भीड़ हैं। ऐसे में कोई भी व्यक्ति जाऊं गांव से आगे न जाएं। उन्होंने कहा कि यात्रा को 11 जुलाई से पुनः आरम्भ करने का निर्णय मौसम की स्थिति एवं पार्वती वाग से आगे रास्ते के मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद लिया जाएगा।
श्रीखंड महादेव यात्रा के पहले दिन एक श्रद्धालु की मौत
