नई दिल्ली : दिल्ली के राजीव कुमार जैन एक ऐसे शख्स जो ‘खाकी’ भले ही नहीं पहनते, लेकिन ‘खाकी’ के साथ खड़े हमेशा रहते हैं। अगर यह कहा जाए कि इन्होंने वालंटियर के तौर पर ‘खाकी’ के लिए जितना किया, उतना स्वयं खाकी पहनने वालों ने नहीं किया, तो शायद गलत नहीं होगा। उनके इस निस्वार्थ सेवा भाव की सराहना तमाम रक्षाबल भी करते रहे हैं। हाल में बीएसएफ के अपर महानिदेशक पंकज गूमर ने भी इन्हें एक प्रशंसा पत्र से नवाजा है। उन्हाेंने इस पत्र में उनकी भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें सेल्यूट भी किया है।
लगभग 40 साल यानी 1982 से ‘खाकी’ के लिए अपनी सेवाएं दे रहे राजीव कुमार जैन को इससे पहले सीआरपीएफ के महानिदेशक से भी प्रशंसा पत्र भी मिल चुका है। इसके अलावा इन्हें हरियाणा और दिल्ली पुलिस से भी सराहना मिल चुकी है। वहीं जैन सीआरपीएफ, बीएसएफ, दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस के लिए सेमिनार व लेक्चर भी आयोजित करते रहे हैं।
