अल्मोड़ा/नैनीताल : उत्तराखंड के अल्मोड़ा पुलिस ने तीन लाख रुपए से अधिक मूल्य के गांजा साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर के दो अन्य साथी भागने में कामयाब रहे। बरामद गांजा को मुम्बई भेजा जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा जिले की भतरौजखान पुलिस की ओर से आज तड़के थाना प्रभारी सुशील कुमार की अगुवाई मेंं छोटी घट्टी तिराहे पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल को रोका तो मोटरसाइकिल सवार मोटरसाइकिल छोड़ कर भागने में कामयाब हो गये जबकि पीछे से आ रहे मोटरसाइकिल सवार से 11.185 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मोटरसाइकिल में पीछे बैठा व्यक्ति भी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा।
बरामद गांजा की कीमत तीन लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। आरोपी अमन आर्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही दोनों मोटरसाइकिल को जब्त कर दिया है।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि फरार आरोपियों के नाम अर्जुन बिष्ट निवासी लखनपुर रामनगर और रोहित निवासी सौराल मोहान, भतरौजखान, अल्मोड़ा हैं। वह बरामद गांजा को ईकू खेत से सोराल मोहान ले जा रहे थे। जहां से रोहित इसे मुम्बई भेजने वाला था।
अल्मोड़ा में लाखों के गांजे के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
