करसोग में पिता की मौत, बेटा घायल
मंडी : हिमाचल प्रदेश में करसोग उपमंडल की उप तहसील पांगणा की ग्राम पंचायत मशोगल के भुंडल में देर शाम आए तेज तूफान से रसोई के ऊपर पेड़ गिर गया। इस हादसे में पिता की मौत हो गई। वहीं बेटा घायल हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त रसोईघर में पिता व पुत्र दो ही लोग थे, वहीं पत्नी पशुओं का चारा डालने गई थी। इस दौरान तेज तूफान की वजह से घर के साथ एक विशालकाय मोहरु का पेड़ अचानक उखड़ कर आंगन में बनी रसोई घर की छत के ऊपर गिर गया।
हादसे में घर का मालिक 42 वर्षीय नारद पुत्र परस राम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि नारद का 16 वर्षीय पुत्र विनय कुमार घायल हो गया। जिसे प्राथमिक उपचार के लिए करसोग सिविल अस्पताल ले जाया गया। युवक की हालत ठीक बताई जा रही है। वही, मृतक का पोस्टमार्टम करने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।
ग्राम पंचायत प्रधान मशोगल मुर्तु देवी ने बताया कि नारद के परिवार में चार ही सदस्य थे। नारद गरीब परिवार से ताल्लुक रखता था और मेहनत व मजदूरी से परिवार चलता था। उन्होंने बताया कि नारद परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया हैं।
उधर, नायब तहसीलदार पांगणा रूप लाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया पीड़ित परिवार को 25 हजार की फ़ौरी राहत दी गई है। वहीं, घायल युवक के इलाज के लिए पांच हजार की राहत राशी प्रदान की गई है।
