बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के पानसेमल थाना क्षेत्र में मजदूरों को ला रहा वाहन एक मिनी ट्रक से टकरा गया ,जिसके चलते 16 मजदूरों समेत 17 व्यक्ति घायल हो गये। पानसेमल के थाना प्रभारी लखन सिंह बघेल ने बताया कि सेंधवा खेतिया राजमार्ग पर मिनी ट्रक और मजदूरों से भरे पिकअप वाहन में टक्कर हो जाने के चलते कल रात पिकअप चालक समेत 17 लोग घायल हो गये। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पानसेमल लाया गया जहां से 12 लोगों को जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया।
वहां से दो गंभीर रूप से घायल मजदूरों को आज सायं उनके परिजन निजी अस्पताल ले गए हैं। शेष मजदूरों की हालत स्थिर है। उन्होंने बताया की मजदूर महाराष्ट्र के शाहदा क्षेत्र में पपीते के खेत में मजदूरी कर पानसेमल थाना क्षेत्र के ललवानिया और गौरी खेड़ा लौट रहे थे। पानसेमल के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर अरविंद किराड़े ने बताया कि 12 घायलों में ज्यादातर को फैक्चर हुआ है ,लेकिन 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
