चंडीगढ़ : हरियाणा आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता एवं किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज राठी ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा पानी की कीमतों में की गई वृद्धि की कड़ी निंदा करने के साथ ही इसे जनता की जेब पर आर्थिक बोझ बताते हुए तुरंत वापस लेने की मांग की है।
राठी ने शनिवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि जनता पहले ही महंगाई का दंश झेल रही है और प्राधिकरण ने पानी की दरों में 25 प्रतिशत तक वृद्धि कर जले पर नमक छिड़कने का काम किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में भारी बारिश और बाढ़ के कारण जलभराव होने से लोगों को खाने-पीने के सामान से लेकर बिजली-पानी और मवेशियों के चारे तक की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। राज्य में लाखों एकड़ फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। ऐसे समय पानी की दरें बढ़ाना अनुचित है। उन्होंने किसानों को उनकी फसलों को हुये नुकसान के लिये 40 हजार रुपये प्रति एकड़ तथा दुकानदारों और कारोबारियों तथा घरों को हुए नुकसान का भी उचित आकलन कर मुआवजा देने की प्रक्रिया जल्द शुरू कर राहत देने की मांग की।
आप ने की पानी की दरों में वृद्धि वापस लेने की मांग
