दुमका : झारखंड में दुमका जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के आमपाड़ा गांव में आर्म्स एक्ट और नक्सली मामले में करीब सात वर्षो से फरार मनोज मंडल को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि जिले के जरमुंडी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकागिरपुरी शिवेन्द्र कुमार की अगुवाई में रामगढ़ थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार की रात छापेमारी कर नक्सली मामले में पिछले सात वर्षों से फरार नामजद आरोपी मनोज मंडल को उसके दुमका स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दुमका जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के आमपाडा गांव के रहने वाले छोटेलाल मंडल के लिखित बयान पर गिरफ्तार आरोपी मनोज मंडल के अलावा उसके अन्य सहयोगियों के खिलाफ 2016 में आर्म्स एक्ट एवं नक्सली वारदातों में शामिल होने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गयी थी इस घटना में वादी छोटेलाल मंडल ने बहादुरी का परिचय देते हुए अपराधियों से मुकाबला किया था। नक्सलियों से गुत्थम गुत्थी के क्रम में उसने आरोपियों से कारबाईन छीन लिया था जिसे बाद में छोटे लाल मंडल ने अपराधियों से छीने कारबाईन को पुलिस के हवाले कर दिया था।
उल्लेखनीय है कि आमपाडा गांव में उस समय नक्सली दस्तों द्वारा कथित तौर पर घटना को अंजाम दिया गया था। तब से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस को लम्बे अर्से से उसकी तलाश थी। रामगढ़ के थाना प्रभारी रुपेश कुमार ने बताया कि आरोपी 2016 से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवेंद्र के नेतृत्व में रामगढ़ थाना की पुलिस ने संयुक्त रुप से कार्रवाई कर आरोपी मनोज मंडल को उसके दुमका स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया ।
