रुद्रपुर/नैनीताल : उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस ने अस्पताल से फरार लूट के शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आज मिली जानकारी के अनुसार विगत चार जुलाई को रूद्रपुर के मेट्रोपोलिस सिटी के पास दो मोटर साइकिल सवार युवक एक महिला का पर्स लूट कर फरार हो गये।
इस घटना की जानकारी जब पुलिस को लगी तो पुलिस ने सिडकुल चौक चौराहा पर तैनात पुलिस कर्मियों को इसकी सूचना दी। उप निरीक्षक मोहन भट्ट ने जब मोटरसाइकिल को रोका तो आरोपियों ने श्री भट्ट पर मोटरसाइकिल चढ़ा दी। इस घटना में श्री भट्ट गंभीर रूप से घायल हो गये। साथ ही दोनों लुटेरे भी घायल हो गये। पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। साथ ही उपचार के लिये सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दोनों लुटेरे संजय कुमार उर्फ संजू उर्फ रघु और अंशु रस्तोगी रूद्रपुर अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गये। इसके बाद आरोपियों की धरपकड़ के लिये पुलिस की कई टीमें बनायी गयीं। आखिर में पुलिस ने एक आरोपी अंशु रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया।
ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टीएस मंजूनाथ ने बताया कि फरार अपराधी संजय कुमार बेहद शातिर अपराधी है। उन्होंने बताया कि आरोपी लूट, बलात्कार, यौन शोषण संरक्षण अधिनियम (पोक्सो), चोरी जैसे संगीन अपराधों में शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपी की तलाश की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अपराधी के संबंध में सूचना देने वाले को उचित ईनाम दिया जायेगा।
पुलिस अभिरक्षा से लूट का फरार आरोपी गिरफ्तार
