तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, 2 गंभीर; आगरा में शादी से लौट रहे थे
नोएडा। नोएडा में शनिवार सुबह भीषण हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार डिस्बैलेंस होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में पति-पत्नी और उनके 3 महीने के बेटे की मौत हो गई। जबकि युवक की साली और उसकी बुआ की हालत गंभीर है। सभी आगरा में शादी से लौटकर दिल्ली जा रहे थे। तभी सेक्टर-160 के पास हादसा हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
नई दिल्ली के मोती नगर में कार्तिक (25) रहते थे। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी शिवानी (23), साली शीतल शर्मा (18), बुआ सुमन गुप्ता और 3 महीने के बेटे के साथ आगरा में शादी में गए थे। सभी देर रात शादी से वापस दिल्ली के लिए निकले। शनिवार सुबह 5 बजे सभी नोएडा पहुंचे। सेक्टर-160 के पास कार अचानक से डिस्बैलेंस हो गई और पेड़ से टकरा गई। इससे कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो का चल रहा इलाज
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्तिक गुप्ता और उनकी साली शीतल शर्मा को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। इलाज के दौरान कार्तिक की मौत हो गई। जबकि साली का इलाज चल रहा है। उधर, सुमन गुप्ता और कार्तिक के 3 माह के बच्चे को फेलिक्स हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। यहां 3 माह के बच्चे की मौत हो गई। वहीं, सुमन का इलाज चल रहा है।
वहीं, कार्तिक की पत्नी शिवानी को जेपी हॉस्पिटल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई। पंचायत नामा भरकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि आशंका है कि ड्राइवर को झपकी लगने की वजह से हादसा हुआ है।
सीएम ने हादसे पर दुख जताया
सीएम योगी आदित्यनाथ ने नोएडा सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। सीएम ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
दिल्ली का रहने वाला था परिवार
ग्रेटर नोएडा के एडीसीबी अशोक कुमार ने बताया कि सुबह के समय पुलिस को सूचना मिली थी कि नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के सेक्टर 160 के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। यह सभी लोग दिल्ली के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि आगरा से शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। नोएडा की ओर बढ़ते समय गाड़ी अनियंत्रित हुई और पेड़ से टकरा गई। हादसे में मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
नोएडा में हादसा, पति-पत्नी और बेटे की मौत
