नैनीताल : उत्तराखंड की सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने सितारगंज स्थित सिडकुल के सहायक लेखाकार को 9000 रुपये की घूस लेते हुए शुक्रवार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। विजिलेंस हल्द्वानी की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार सितारगंज सिडकुल के आरएम कार्यालय में तैनात सहायक लेखाकार उमेश कुमार प्लाट की एनओसी देने के बदले में 9000 रुपये की घूस की मांग कर रहा था।
शिकायतकर्ता ने हल्द्वानी विजिलेंस के कार्यालय में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि उसने सिडकुल में दो प्लाट के लिये आवेदन किया। प्लाट आवंटन के बाद रजिस्ट्री की एनओसी देने की एवज में आरोपी 9000 रुपये घूस मांग रहा है। शिकायतकर्ता की ओर से आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की गयी। हल्द्वानी विजिलेंस की ओर से मामले की जांच करायी गयी और तथ्य सही पाये जाने पर एक ट्रैप टीम का गठन किया गया।
ट्रैप टीम ने सितारगंज सिडकुल के आरएम कार्यालय में तैनात सहायक लेखाकार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई अमल में लायी जा रही है। निदेशक सतर्कता डा. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। हल्द्वानी विजिलेंस की टीम अभी तक कई घूसखोरों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है।
लेखाकार घूस लेता गिरफ्तार
