गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

लेखापाल रिश्वत लेते पकड़ा गया

खरगोन : मध्यप्रदेश विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त इंदौर की टीम ने आज खरगोन जिले के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेखापाल को रिश्वत लेते ट्रैप किया है। लोकायुक्त इंदौर के डीएसपी प्रवीण सिंह बघेल के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झिरनिया के लेखापाल आनंद कनेल के विरुद्ध 45 हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
डीएसपी ने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र बड़ी के संविदा पर नियुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी निकेश कनाडे ने लोकायुक्त पुलिस को शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि पत्नी का देहांत हो जाने के बाद से वह दो माह के अवकाश पर थे। इस वजह से दो माह के वेतन के भुगतान और अन्य स्वीकृत राशि को बीएमओ कार्यालय झिरनिया द्वारा रोक दिया गया था।
शिकायत कर्ता ने बताया कि 90 हजार रु इंसेंटिव समेत उनकी राशि (लगभग 1,33,000 रु) निकालने के एवज में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झिरनिया में पदस्थ लेखापाल आनंद कनेल द्वारा 56 हजार रु की रिश्वत की मांग की जा रही थी। इसके बाद हुई सौदेबाजी में यह राशि 45000 रुपए तय हुई थी।
डीएसपी ने बताया कि आरोपी ने आवेदक से उसका एटीएम कार्ड मांगा था ताकि वह स्वयं रिश्वत की राशि निकाल ले, लेकिन आवेदक ने बहाने बनाते हुए एटीएम कार्ड एक्टिव नहीं होने की बात कही। इसके बाद ऑनलाइन ट्रांसफर की बात भी हुई, लेकिन लोकायुक्त पुलिस की सलाह पर आवेदक ने मना कर दिया। बाद में आरोपी ने रिश्वत की राशि एक दुकान में देने को कहा। जैसे ही दुकान के नौकर ने रिश्वत की राशि ली, लोकायुक्त पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *