भीलवाड़ा : राजस्थान में भीलवाड़ा जिले की बिजोलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक की हत्या करने के बाद फरार हुए आरोपी को आज गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी उगमाराम ने बताया कि कोटा ग्रामीण क्षेत्र के मंडाना निवासी चौथमल भील 25, पत्नी और तीन मासूम बच्चों के साथ मकरेड़ी क्षेत्र के आंट गांव में रहकर खदान पर मजदूरी कर रहा था। सोमवार की रात चौथमल की उसी के पड़ौस में रहने वाले आंट निवासी धनराज उर्फ गेंदराज ने लाठी से हमला कर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद धनराज वहां से भाग छूटा था।
उधर, झगड़े की सूचना पर थाना प्रभारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे, तब तक चौथमल की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजौलियां अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस टीम ने रात में ही फरार आरोपित की तलाश शुरु कर दी थी। मंगलवार को इस आरोपित धनराज उर्फ गेंदराज को पुलिस ने सतकुडिय़ा माइंस इलाके से दबोच लिया। पुलिस ने आरोपित धनराज से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया।
