बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के पानसेमल थाना क्षेत्र स्थित एक शासकीय छात्रावास से छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में आज उसके नजदीकी रिश्तेदार को गिरफ्तार किया गया है। पानसेमल के थाना प्रभारी लखन सिंह बघेल ने बताया कि एक शासकीय छात्रावास की कक्षा 10 में अध्ययनरत 15 वर्षीय छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में उसके नजदीकी रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आज आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छात्रा को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर को छात्रावास आकर आरोपी छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने उसे ढूंढने का प्रयास किया और उसके उपरांत 24 अक्टूबर को पुलिस में प्रकरण दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी को महाराष्ट्र के नासिक क्षेत्र के पंचवटी से गिरफ्तार किया। आरोपी ने छात्रा को ले जाने के बाद उसे मजदूरी के काम पर लगा दिया था और कई बार दुष्कर्म भी किया था।
