रीवा : मध्यप्रदेश के रीवा जिले के मऊगंज थाना क्षेत्र में एक युवती से बर्बरता पूर्वक मारपीट किए जाने के मामले में फरार आरोपी को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर ने आज बताया कि मऊगंज थाना क्षेत्र के घुटेहरा गांव में चार दिन पूर्व एक लड़की से मारपीट का आरोपी पंकज त्रिपाठी फरार हो गया था, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की दो अलग अलग टीमें गठित की गयी थी। पुलिस ने आरोपी को उसके मौसी के घर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से पकड़ा और उसे मऊगंज लाया, जहां पूछताछ के बाद उसे आज गिरफ्तार कर लिया गया।
एएसपी श्री सोनकर ने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने मऊगंज थाना प्रभारी श्वेता मौर्या को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अपराधी पंकज त्रिपाठी पेशे से ड्राइवर है, जिसका लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। उधर घटना के आरोपी पंकज के ढेरा गांव स्थित मकान को भी प्रशासन द्वारा जमींदोज कर दिया गया है।
युवती से बर्बरता पूर्वक मारपीट करने का आरोपी गिरफ्तार
