गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोपी बिहार से गिरफ्तार

नैनीताल/देहरादून : उत्तराखंड पुलिस की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने 25000 रुपये के ईनामी शातिर ठग को बिहार के सीवान से गिरफ्तार किया है। ठगी के आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश करने के बाद गुरुवार को रूद्रपुर लाया गया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
एसटीएफ के एसएसपी नवनीत भुल्लर ने गुरुवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी अक्षेश्वर तिवारी निवासी मुबारकपुर, थाना चैनपुर सीवान, बिहार ने वर्ष 2010 में रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपयों की ठगी की थी।
आरोपी के खिलाफ रूद्रपुर में इस संबंध में मामला दर्ज है। इस मामले की जांच अपराध शाखा-आपराधिक जांच विभाग (सीबीसीआईडी) को सौंपी गयी है। आरोपी तभी से फरार था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिये पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन वह पंजाब और बिहार में छिपता रहता था और लगातार ठिकाने बदल रहा था।
अदालत ने आरोपी के खिलाफ स्थायी वारंट जारी कर दिया था। इसके बाद वर्ष 2023 में आरोपी पर 25000 रुपये का ईनाम भी घोषित कर दिया गया था। कुछ दिन पहले आरोपी की लोकेशन बिहार के सीवान में मिली।
इसके बाद एसटीएफ निरीक्षक एमपी सिंह की अगुवाई में एक टीम सीवान भेजी गयी। टीम ने आरोपी को कल बुधवार को सीवान के चैनपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। ठगी के आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश करने के बाद आज रूद्रपुर लाया गया है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *