गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अच्युतानन्द ने किया लघुकथा संग्रह ‘ब्रह्मास्त्र’ का विमोचन

उदयपुर : वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. दीपक आचार्य के ताजातरीन लघुकथा संग्रह ‘ब्रह्मास्त्र’ का विमोचन वैश्विक क्षितिज पर बेणेश्वर धाम के महंत गोस्वामी अच्युतानंद महाराज ने किया। अलौकिक तपस्विनी एवं विलक्षण आध्यात्मिक विभूति 1008 श्री तुलसिया माताजी के सलूम्बर के समीप पावन सेरिया धाम आश्रम पर आयोजित समारोह में बेणेश्वर पीठाधीश्वर ने बड़ी संख्या में उपस्थित सर्वसमाज के प्रबुद्धजनों के समक्ष इसका विमोचन किया। अच्युतानन्द महाराज ने इस अवसर पर सामाजिक जागरण तथा सम सामयिक विद्रुपताओं के सटीक एवं पारदर्शी शब्द चित्र श्रृंखला को पैनी धार बताते हुए कहा कि डॉ. दीपक आचार्य की कृति ‘ब्रह्मास्त्र’ कृतिकार के अनुभूत सत्य और आशा-अपेक्षाओं एवं आकांक्षाओं से मुक्त निर्भीक प्रवाह का दैवीय एवं दिव्य प्रस्फुरण है।
उन्होंने कहा कि ब्रह्मास्त्र अपने आप में अक्षर ब्रह्म की अपरिमित परमाण्वीय ऊर्जा का प्रस्फुटन है। इसमें समाहित लघुकथाएं दिल और दिमाग को झंकृत कर युगीन सत्य की धाराओं-उपधाराओं के नग्न सत्य और यथार्थ को समाज के समक्ष प्रकट करने का साहसिक उपक्रम है। इसके लिए उन्होंने कृतिकार की सराहना की। लघुकथा संग्रह ‘ब्रह्मास्त्र’ की भूमिका मशहूर साहित्यकार एवं राष्ट्रीय ख्याति के कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित भरतचन्द्र शर्मा ने लिखी है जबकि मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. कुंजन आचार्य ने कृति एवं कृतिकार के परिचय पर ‘मंतव्य’ के माध्यम से इन्द्रधनुषी शब्दचित्र दिए हैं। स्वयं बेणेश्वर पीठाधीश्वर गोस्वामी अच्युतानन्द महाराज ने ‘ब्रह्मास्त्र’ की सराहना में अपना आशीर्वाद अंकित किया है।
लघुकथा संग्रह ‘ब्रह्मास्त्र’ के रचनाकार डॉ. दीपक आचार्य ने विमोचित कृति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि राजस्थान साहित्य अकादमी के सहयोग से प्रकाशित इस पुस्तक में आम आदमी की पीड़ाओं, बहुरूपिया चिऱत्रों से भरी राजनीति, सामाजिक बुराइयों, मानवीय एवं नैतिक मूल्यों के पतन, शासन-प्रशासन के अनछूए वितण्डावाद, बुद्धिजीवियों के पाखण्ड से लेकर समाज-जीवन लेकर व्यष्टि और समष्टि में प्रतिबिम्बित और अनुभवगम्य विषयों पर 80 लघुकथाओं का समावेश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *