दिल्ली पुलिस का फ्लिपकार्ट को नोटिस, यहीं से आरोपी ने खरीदा था तेजाब
नई दिल्ली : दिल्ली एसिड अटैक पीड़ित की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका चेहरा 8त्न झुलस गया है। आंखें भी डैमेज हो गई हैं। फिलहाल, वह होश में है। आई स्पेशलिस्ट और प्लास्टिक सर्जन उसका इलाज कर रहे हैं। ये जानकारी सफदरजंग अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने दी। उधर, पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपियों ने तेजाब ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट से खरीदा था। इस पर दिल्ली पुलिस फ्लिपकार्ट को और दिल्ली महिला आयोग ने अमेजन को भी नोटिस भेजा है। दिल्ली महिला आयोग ने नोटिस में लिखा- जानकारी मिली है कि आरोपी ने तेजाब फ्लिपकार्ट से खरीदा था। सुप्रीम कोर्ट ने इस पर बैन लगा दिया था, लेकिन यह अमेजोन और फ्लिपकार्टजैसे प्लेटफॉर्म पर आसानी से मिल रहा है। अपने प्लेटफॉर्म पर एसिड बेचने की वजह बताइए।
फ्लिपकार्ट के जवाब का इंतजार
दिल्ली की वरिष्ठ पुलिस अधिकारी प्रीत हुड्डा ने बताया कि सचिन ने एसिड फ्लिपकार्ट से मंगाया था। पेमेंट के लिए उसने फ्लिपकार्ट के ई-वॉलेट का इस्तेमाल किया। हालांकि अभी तक फ्लिपकार्ट की ओर से इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। घटना द्वारका इलाके में 14 दिसंबर को सुबह 7: 30 बजे हुई। लड़की अपनी छोटी बहन के साथ जा रही थी, तभी बाइक पर सवार 2 लोग आए। पीछे बैठे लड़के ने तेजाब फेंक दिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों की पहचान सचिन अरोड़ा (20 साल), हर्षित अग्रवाल (19 साल) और वीरेंद्र सिंह (22 साल) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सचिन मुख्य आरोपी है, उसने हर्षित और वीरेंद्र की मदद से वारदात को अंजाम दिया।
सचिन ने तेजाब फेंका, वीरेंद्र ने पुलिस को गुमराह करने की प्लानिंग की
घटना के समय हर्षित अग्रवाल बाइक चला रहा था। पीछे बैठे सचिन अरोड़ा ने तेजाब फेंका था। तीसरा आरोपी वीरेंद्र सिंह है। वह घटना के वक्त सचिन का स्कूटर और मोबाइल लेकर दूसरी जगह चला गया था, ताकि सचिन की लोकेशन कहीं और शो हो और वारदात में उसका नाम न आए।
एसिड अटैक पीड़ित का चेहरा 8 प्रतिशत झुलसा, आंखें डैमेज
