भीलवाड़ा : राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के गंगापुर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताडऩा का केस लगाकर परेशान करने से एक प्रौढ़ ने आज फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। थाना प्रभारी नरेंद्र जैन ने बताया कि अरनिया निवासी गोपाल तेली 50 ने रविवार सुबह गांव में ही स्थित नोहरे में जाकर रस्से का फंदा गले में डाला और एंगल से लटक गया। इसके चलते उसकी मौत हो गई। परिजन, जब नोहरे में पहुंचे तो घटना का पता चला।
पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर गंगापुर अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया। जहां परिजनों ने पुलिस को बताया कि गोपाल ने अपने बेटे-बेटी का विवाह सूरत में आटा-साटा प्रथा के अनुसार किया था। गोपाल के बेटे दिनेश की पत्नी ने मनमुटाव के चलते सूरत जाने के बाद वहां दिनेश एवं इसके परिजनों के खिलाफ सूरत महिला थाने में दहेज प्रताडऩा का केस दर्ज करवा दिया।
उन्होंने बताया कि इस प्रकरण के चलते महिला थाना पुलिस गोपाल व उसके बेटे दिनेश को तलब कर रही थी, लेकिन ये वहां नहीं गये। ऐसे में शनिवार को सूरत महिला थाना से पुलिस टीम गंगापुर पहुंची। इसके चलते गोपाल को सूरत पुलिस ने रविवार सुबह गंगापुर थाने में तलब किया था। गोपाल ने थाने आने के बजाय खुदकुशी कर ली। मृतक के परिजनों को इस आशय की रिपोर्ट में पुलिस में दर्ज करवाई है।
