नयी दिल्ली : काेरोना महामारी के बाद देश में जून 2022 में सबसे अधिक लोग सैर – सपाटे के लिए निकले हैं और गुलाबी नगरी जयपुर तथा समुद्र तट पर गोवा सबसे पसंदीदा स्थल रहे हैं। पर्यटन से संबंधित हाल में किये गये एक सर्वेक्षण के अनुसार पिछले दो साल की महामारी के कारण जो लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे थे, अब वे सभी लोग फिर से घूमने के लिए निकल रहे हैं।
जनवरी- सितंबर 2022 की अवधि में हुए इस सर्वेक्षण के मुताबिक पिछले साल इसी अवधि की तुलना में जनवरी-सितंबर 2022 में पर्यटन का पर जाने वाले लोगों की संख्या में 62 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जून 2022 में पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में मांग में सबसे अधिक वृद्धि देखी गई। होटल कंपनी ओयो के सर्वेक्षण में कहा गया है कि जयपुर और गोवा भारत के पसंदीदा अवकाश स्थलों के रूप में शीर्ष पर हैं हालांकि कोच्चि वाराणसी एवं विशाखापट्टनम भी भारतीय पर्यटकों के बीच लोकप्रिय स्थान के रूप में सामने आए हैं।
ज्यादातर लोग समुद्र तट के आसपास के क्षेत्र में घूमने जाना चाहते हैं और उसके बाद भारत के हेरिटेज सिटी की यात्रा करना चाहते हैं। ‘बिजनेस डेस्टिनेशन’ के लिए दिल्ली, हैदराबाद, बेंगलुरु कोलकाता तथा चेन्नई वर्ष की पहली तिमाही में शीर्ष स्थान पर मौजूद हैं।
