गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भारत और तंजानिया के बीच सहमति

नई दिल्ली : भारत और तंजानिया ने रक्षा क्षेत्र में पांच वर्ष तक सहयोग की रूपरेखा पर सहमति व्यक्त की है। दोनों देशों के बीच तंजानिया के शहर अरूषा में बुधवार को आयोजित संयुक्त रक्षा सहयोग समिति की दूसरी बैठक में यह सहमति बनी। रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव अमिताभ प्रसाद के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने बातचीत में हिस्सा लिया। रक्षा मंत्रालय और सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी तथा तंजानिया में भारत के उच्चायुक्त बिनय एस. प्रधान ने भी बातचीत में हिस्सा लिया।
बैठक में दोनों पक्षों ने हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से सहयोग की व्यापक संभावनाओं पर चर्चा की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने मित्र देशों को निर्यात के लिए भारतीय रक्षा विनिर्माण की बढ़ती क्षमता का उल्लेख किया। दोनों पक्षों के बीच रक्षा सहयोग के लिए पांच साल की रूपरेखा पर भी सहमति हुई, जिसमें प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण से लेकर समुद्री सहयोग, अवसंरचना निर्माण और रक्षा उपकरण तथा प्रौद्योगिकी में सहयोग तक की पहल शामिल है।
रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिनिधि भी भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ थे। उन्होंने तंजानिया के सुरक्षा बलों के हितधारकों के साथ व्यापक बैठकें कीं। भारत के तंजानिया के साथ घनिष्ठ, मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं जिन्हें क्षमता निर्माण और विकास क्षेत्र में साझेदारी के माध्यम से बल मिला है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल के दौरे से तंजानिया के साथ रक्षा संबंध और सुदृढ़ होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *