गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अहमद शाह का घर कुर्क

श्रीनगर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को धनशोधन रोकथाम अधिनियम 2002 के तहत जेल में बंद कश्मीरी अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद शाह के घर को कुर्क किया।
अधिकारियों ने कहा कि 21.80 लाख रुपये का यह घर श्रीनगर के बरजुल्ला थाना क्षेत्र के सनत नगर के बोतशाह कॉलोनी में स्थित है। ईडी ने जांच के बाद संपत्ति को कुर्क किया गया है जिसमें सामने आया कि कश्मीर घाटी में अशांति फैलाने वाली गतिविधियों में अलगावादी नेता शाह सक्रिय रूप से शामिल थे। ईडी ने कहा, जांच में पता चला है कि कश्मीर घाटी में शब्बीर शाह अशांति फैलाने से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल थे। ईडी ने शाह को वर्ष 2017 में धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया था जो इस वक्त तिहाड़ जेल में हैं।
यह पहली बार नहीं है जब किसी अलगाववादी नेता की संपत्ति जब्त की गई है। इससे पहले श्रीनगर के बाहरी इलाके सौरा में जेल में बंद दुखतर-ए-मिलत के प्रमुख सैयदा आसिया अंद्राबी का घर भी जब्त किया गया था।
लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद सहित अन्य के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत मई 2017 में दर्ज प्राथमिकी की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शाह को भी इसमें संलिप्त पाया। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि कश्मीर में पथराव, जुलूस, विरोध, बंद, हड़ताल और अन्य विध्वंसक गतिविधियों के माध्यम से कश्मीर घाटी में अशांति फैलाने की गतिविधियों में अलगावादी नेता शाह सक्रिय रूप से शामिल था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *