गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

वायु सेना के जवान ने की आत्महत्या

श्रीगंगानगर : राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में सूरतगढ़ में वायु सेना के एयरबेस स्टेशन पर तैनात एक जवान ने आज इंसास राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों के अनुसार वायु सेना में डीएससी के पद पर तैनात जवान करणसिंह यादव निवासी दादाबड़ी, तहसील मेड़ता सिटी जिला नागौर (राजस्थान) में आज सुबह 8 बजे गार्ड रूम में अपनी ड्यूटी खत्म होने के 10-15 मिनट बाद वहीं पर ही इंसास राइफल से अपनी गर्दन में गोली मार ली।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उस समय गार्ड रूम में दो और जवान भी थे। गोली चलने की आवाज से यह दोनों जवान सहम गए। कुछ ही देर में वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। तब तक करणसिंह यादव की मौत हो चुकी थी। सूचना दिए जाने पर सूरतगढ़ सिटी थाना प्रभारी रामकुमार लेघा और एएसआई बिरजूसिंह दलबल सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का अवलोकन किया और ड्यूटी पर तैनात दो अन्य जवानों से पूछताछ की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक ड्यूटी के दौरान करणसिंह यादव बिल्कुल सामान्य था। उसने कल सोमवार को साथी जवानों से बातचीत करते हुए उन्हें सलाह दी कि वे अपने बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए उनको सही शिक्षा दिलाएं। करणसिंह ने किन कारणों के चलते खुदकुशी कर ली इसका अभी खुलासा नहीं हुआ।
मृतक जवान के पोस्टमार्टम की कार्रवाई परिवारजनों के आने के बाद होगी। मृतक जवान के परिवारजन गांव में ही रहते हैं। वह वायु सेना स्टेशन कैंपस में अकेले रहता था। पुलिस ने जांच के लिए उसके मोबाइल फोन को अपने कब्जे में किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *