भोपाल : मध्यप्रदेश के दतिया और रीवा में एयर स्ट्रिप (हवाईपट्टी) को हवाईअड्डे (एयरपोर्ट) के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एयरपोर्ट अॅथारिटी ऑफ इंडिया) के बीच आज समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मध्यप्रदेश शासन की ओर से आयुक्त विमानन चन्द्रमौलि शुक्ल और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से निदेशक रामजी अवस्थी ने हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कुछ समय पहले दोनों स्थानों पर हवाईअड्डे बनाने के लिए घोषणा के बाद आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश मातहत अधिकारियों को दिए थे। रीवा और दतिया में हवाईअड्डा बन जाने से एटीआर-72 विमानों का परिचालन किया जायेगा। प्रदेश में भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर और खजुराहो के बाद दतिया और रीवा में हवाईअड्डा के बन जाने से प्रदेश में हवाईअड्डों की संख्या बढ़कर सात हो जायेगी। इससे जहाँ लोगों को आवागमन में सुविधा होगी, वहीं व्यापार-व्यवसाय भी सुगम होगा।
