गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

50 वर्ष की हुयी ऐश्वर्या राय

मुंबई : बॉलीवुड की जानीमानी अभिनेत्री ऐश्वर्या राय आज 50 वर्ष की हो गयी। ऐश्वर्या का जन्म 01 नवंबर 1973 को मैंगलोर में हुआ। कुछ वर्ष के बाद उनका परिवार मुंबई आ गया जहां उन्होंने अपनी प्रांरभिक शिक्षा पूरी की। बचपन में उनका रूझान वास्तुकार बनने की ओर था लेकिन बाद में उनका रूझान मॉलिंग इंडस्ट्री की ओर हो गया। वर्ष 1994 में ऐश्वर्या राय ने मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया जहां उन्हें मिस इंडिया वर्ल्ड के खिताब से नवाजा गया ।

मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारतीय सुंदरता का परचम पूरी दुनिया में लहराते हुये रीता फारिया के बाद मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने वाली दूसरी भारतीय सुंदरी बन गयीं। इस प्रतियोगिता में उन्हें मिस फोटोजेनिक के खिताब से भी नवाजा गया। प्रतियोगिता को जीतने के बाद ऐश्वर्या राय ने सामाजिक सरोकार से जुड़े कई क्षेत्रों में काम किया और इस दौरान उन्हें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ काम करने का मौका मिला।
वर्ष 1997 में ऐश्वर्या ने अपने सिने कैरियर की शुरूआत तमिल फिल्म ‘इरूअर’ से की। इसी वर्ष ऐश्वर्या ने बाॅलीवुड में भी कदम रखा और बॉबी देओल के साथ ‘और प्यार हो गया’ में काम किया। दुर्भाग्य से यह फिल्म टिकट खिड़की पर विफल साबित हुयी। इसके बाद 1998 में ऐश्वर्या ने एस.शंकर की तमिल फिल्म ‘जीन्स’ में काम किया। इस फिल्म की व्यावसायिक सफलता के बाद ऐश्वर्या राय फिल्म इंडस्ट्री में कुछ हद तक अपनी पहचान बनाने में कामयाब हो गयीं।
वर्ष 1999 में संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ ऐश्वर्या के सिने कैरियर की महत्वपूर्ण फिल्म साबित हुयी। सलमान खान और अजय देवगन जैसे मंझे हुये सितारे की मौजूदगी में भी ऐश्वर्या ने फिल्म में ..नंदिनी.. के किरदार को रूपहले पर्दे पर जीवंत कर दिया। इस फिल्म में दमदार अभिनय के लिये फिल्म फेयर पुरस्कार से भी सम्मानित की गयीं।वर्ष 1999 में ही ऐश्वर्या राय को प्रसिद्ध निर्माता निर्देशक सुभाष घई की फिल्म ‘ताल’ में काम करने का अवसर मिला। फिल्म में ऐश्वर्या ने एक ऐसी ग्रामीण लड़की ..मानसी.. का किरदार निभाया जो पॉप सिंगर बनने का सपना देखा करती है। इस फिल्म ने खासकर अमरीका में टॉप 20 फिल्मों में अपना नाम दर्ज कराया। फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिये वह सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिये भी नामांकित की गयीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *