गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अजय राय ने संभाला यूपी कांग्रेस अध्यक्ष का पद भार

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजनीति में रसातल पर पहुंची कांग्रेस के नये खेवनहार के तौर पर पूर्वांचल के कद्दावर नेता अजय राज ने गुरूवार को यहां उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद की बागडोर अपने हाथ में ली। बरसते पानी के बीच पार्टी के प्रदेश कार्यालय में कांग्रेसियों ने अपने नये अध्यक्ष का स्वागत गर्मजोशी से किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ वाराणसी में चुनाव लड़ चुके राय ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिये मिल जुल कर काम करने की नसीहत दी और कहा “ मैं सभी को विश्वास दिलाता हूं कि उत्तर प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता की ताकत और आपके सहयोग से पार्टी को 2024 में सफलता दिलाऊंगा।

हम प्रदेश की तानाशाह जुल्मी दमन करने वाली सरकार से जनता के लिए लड़ेंगे, हम डरने वाले नहीं हैं। हम विश्वास दिलाते हैं कांग्रेस अपने कार्यकर्ता के साथ गांव के घर- घर हर चौराहे पर दिखाई देगी और लड़ते हुए दिखाई देगी।” उन्होने कहा “ मैं केंद्रीय नेतृत्व को विश्वास दिलाता हूं कि कार्यकर्ताओं के लिए अगर जान की बाजी भी लगानी पड़ेगी तो अजय राय पीछे नहीं हटेंगे, पूरे प्रदेश चंदौली से लेकर गाजियाबाद तक बुंदेलखंड से लेकर नेपाल बॉर्डर बहराइच तक हर जगह कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्त्ता के साथ हम खड़े हैं, अब कांग्रेस के कार्यकर्ता ने मन बना लिया है कि राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बने। राहुल गांधी को पीएम बनाने में सबसे बड़ी जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश की है। 2024 में हम अपनी ताकत दिखाएंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *