कोलकाता : पश्चिम बंगाल पुलिस ने संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ता अजीत मैती से रातभर पूछताछ के बाद सोमवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह गिरफ्तारी पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा विवादास्पद नेता को पार्टी की स्थानीय इकाई के प्रमुख के पद से हटाने के बमुश्किल एक दिन बाद की गई है।
पुलिस ने श्री मैती को एक सिविक वालंटियर के घर से उठाया, जहां वह छिपे हुए थे और उनसे पूछताछ की गई। संदेशखाली के ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रही थी, जो फरार तृणमूल नेता शाहजहां शेख के करीबी सहयोगी माने जाते हैं। सूत्रों ने बताया कि तृणमूल नेता को बाद में उत्तर 24 परगना के अंतर्गत बारासात की एक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।
श्री मैती की गिरफ्तारी के साथ अब तक तीन तृणमूल नेताओं को संदेशखाली में हिरासत में लिया गया है। इससे पहले उत्तम हाजरा और सिबू हाजरा को गिरफ्तार किया गया था। स्थानीय महिलाएं जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) घोटाले के कथित मास्टरमाइंड शाहजहां शेख की गिरफ्तारी की भी मांग कर रही हैं, जिसने कथित तौर पर अपने समर्थकों को गरीब आदिवासी लोगों की जमीन हड़पने और उन्हें भेरी (मछली पालन क्षेत्र) में परिवर्तित करने तथा महिलाओं का यौन उत्पीड़न करने के लिए उकसाने के आरोप भी जुड़े हुए हैं।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल जवानों पर कथित तौर पर हमले की साजिश रचने के बाद शाहजहां पिछले पांच जनवरी से गिरफ्तारी से बच रहा है। केंद्रीय एजेंसियां कथित पीडीएस घोटाले में तलाशी के लिए शाहजहां के घर गई थीं और तृणमूल नेता के समर्थकों द्वारा पिटाई के बाद उन्होंने तलाशी बीच में ही छोड़ दी।
इस बीच, महिला अधिकारियों के साथ सशक्त राज्य पुलिस ने कोलकाता से लगभग 75 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में संदेशखाली में डेरा डालना शुरू कर दिया जहां तनावपूर्ण स्थिति के बावजूद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही थी। एक अलग रिपोर्ट में कहा गया है कि अज्ञात बदमाशों ने आज सुबह तृणमूल नेता हलधर अरी के घर के बाहर पुआल के ढेर में आग लगा दी, जिन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल परेशानी पैदा कर रहे हैं।
अजीत मैती संदेशखाली से गिरफ्तार
