गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

प्रथ्वी पर प्लास्टिक प्रदूषण और पर्यावरण के प्रति किया सचेत

महिला महाविद्यालय ने मनाया विश्व पर्यावरण दिवस

पर्यावरण संरक्षित और सुरक्षित रखने के लिए समाज में सभी को संकल्पबद्ध होना जरूरी – प्राचार्या

संवाददाता | गौरवशाली भारत

नाँगल चौधरी। बैजनाथ चौधरी राजकीय महिला महाविद्यालय परिसर में सोमवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या डाॅ. अनिता तंवर ने की। महाविद्यालय में आयोजित विश्व पर्यावरण दिवस उपलक्ष्य कार्यक्रम पर प्राचार्या समेत एनएसएस प्रभारी डॉ. पूनम तंवर, डॉ. सुशीला यादव और स्वमं सेविकाओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति सन्देश देते हुए पर्यावरण बचाने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय प्राचार्या ने छात्राओं को बताया कि इस दिन को मनाने का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरुकता पैदा करना है। साथ ही कहा आज के आधुनिक औद्योगीकरण के दौर में पेड़ों की बेतहाशा कटाई एक चिंता का विषय बन गया है। इसके चलते दुनिया भर के इकोसिस्टम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है।

पर्यावरण को सुरक्षा प्रदान करने का संकल्प लेने के उद्देश्य से हर साल विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। उन्होंने 2023 की पर्यावरण थीम “बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन” के बारे में भी अवगत कराया। साथ ही संबोधन में प्लास्टिक प्रदूषण को हराने जैसे विषयों पर जिक्र करते हुए जहरीला प्लास्टिक प्रयोग करने वाले लोगों को सचेत किया। विश्व पर्यावरण दिवस उपलक्ष्य महिला महाविद्यालय प्राचार्या ने छात्राओं को बताया कि, जीवनदायिनी धरती को रहने योग्य बनाने के लिए पेड़-पौधों के जीवन को बचाने और पर्यावरण प्रदूषण के कारकों को कम किया जा सकता है। इस कार्य के लिए दूसरों को भी प्रेरित करें। प्रकृति मानव के स्वस्थ जीवन के लिए बहुत कुछ देती है। बदले में मानव पर्यावरण दूषित करता है और प्रकृति का दोहन करता है। जिससे समय के साथ पर्यावरण व प्रकृति नष्ट होती जा रही है।

पर्यावरण संकट अधिक गहराने से कई तरह की प्राकृतिक आपदाओं को न्यौता मिलता है। पर्यावरण संरक्षित और सुरक्षित रखने के लिए समाज में सभी को संकल्पबद्ध होना जरूरी है। यह कार्यक्रम एनएसएस प्रभारी डॉ. पूनम तंवर, डॉ. सुशीला यादव की देखरेख में सम्पन्न हुआ। इस अवसर सभी स्वयं सेविकाएं व लेक्चरर सुनील कुमार समेत समस्त स्टाफ़ सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *