भिवानी : सफाईकर्मियों और दमकलकर्मियों की नौ दिन से चल रही हड़ताल के बीच सर्व कर्मचारी संघ ने आज संकेत दिया कि पुरानी पेंशन समेत विभिन्न मांगों को लेकर वह ‘निर्णायक आंदोलन’ करेगा। संघ जिला कमेटी सदस्यों सुखदर्शन सरोहा, सूरजभान जटासरा और अन्य ने एक संयुक्त बयान में बताया कि पुरानी पेंशन, कच्चे कर्मियों को पक्का करने, समान काम-समान वेतन, छंटनीग्रस्त कर्मियों की बहाली, स्थायी भर्तियों और पदोन्नतियों, लिपिक का वेतन 35400, कौशल रोजगार निगम और राष्ट्रीय शिक्षा नीति रद्द करने, आऊटसोर्सिंग, ठेका प्रथा, निजीकरण की नीतियों पर रोक आदि मांगों को लेकर कर्मचारी राज्य व्यापाी आंदोलन करेंगे, जिसकी विधिवत घोषणा सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के 13-15 नवंबर को सैनी समाज धर्मशाला कुरूक्षेत्र में होने वाले राज्य सम्मेलन में की जाएगी।
संघ नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी-जननायक जनता पार्टी गठबंधन सरकार से लगातार मांग की जा रही है कि पंजाब, छत्तीसगढ़ और राजस्थान की तर्ज पर एनपीएस रद्द कर पुरानी पेंशन बहाल की जाए। कच्चे कर्मियों को शीघ्र पक्का किया जाए तथा ठेका प्रथा समाप्त हो। उन्होंने सरकार की वायदा खिलाफी के खिलाफ 19 अक्तूबर से नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले पालिका कर्मियों की शुरू हुई हड़ताल का पुरजोर समर्थन किया और कहा कि सरकार हठधर्मिता त्याग पालिका कर्मियों की मांगों का समाधान कर हड़ताल को समाप्त करवाये।
नेताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ मांगों को लेकर आंदोलनरत्त यूनियन के नेताओं के खिलाफ राजद्रोह के मुकदमे दर्ज करने, निलंबन करने व एस्मा जैसे काले कानून लागू करने की कड़े शब्दों में निंदा की। डिप्लोमा वेटेनरी एसोसिएशन के प्रांतीय प्रधान विजेंद्र बेनिवाल और तीन नेताओं को निलंबित करने की भी कड़े शब्दों में निंदा की तथा कहा कि सभी दमनात्मक कार्यवाहियों को वापिस लिया जाए तथा लंबे समय से राज्य भर के कच्चे-पक्के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत है, उनका समाधान किया जाए।
