गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अयोध्या का सर्वांगीण विकास तेजी पर

अयोध्या : उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने बुधवार को कहा कि अयोध्या का सर्वांगीण विकास तेजी से हो रहा है जो अपने समय पर पूर्ण कर लिया जायेगा। मिश्र ने यहां चल रही निर्माण की परियोजनाओं से सम्बन्धित स्थलीय निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अयोध्या का सर्वांगीण विकास तेजी से हो रहा है जो अपने समय पर पूर्ण कर लिया जायेगा। पूरी दुनिया की निगाह अयोध्या पर है। यह महत्वपूर्ण शहर बनकर निकलेगा, जो सभी सुविधाओं से लैस रहेगा।
उन्होंने कहा कि जनवरी के पहले रामपथ निर्माण, भक्ति पथ, जन्मभूमि पथ निर्माण सहित चल रहे सारे कार्य जनवरी के पहले पूरा कर लिया जायेगा। उन्होंने आज विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निर्माणाधीन रामपथ, भक्तिपथ, रामजन्मभूमि पथ को भी बारीकी से देखा। उसके बाद गुप्तारघाट के फेस-1, फेस-2 और फेस-3 परियोजना का भी बड़ी बारीकी से निरीक्षण किया, साथ ही साथ सूर्यकुण्ड सहित तमाम कुण्डों को देखा और कहा कि इसे समय से पूर्ण कर लिया जाय।
मुख्य सचिव ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का मंदिर तेजी से बन रहा है। रामलला अपने नये मंदिर में विराजमान होंगे उससे पहले रामपथ का निर्माण, भक्ति पथ का निर्माण, जन्मभूमि पथ का निर्माण समय से पूर्ण करने के लिये हमने कार्यदायी संस्था सहित सभी अधिकारियों को निर्देेश दिया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या एक ऐसी नगरी के रूप में विकसित हो जो देश-विदेश के लोग यहां आवें और भगवान श्रीराम का दर्शन करें। किसी श्रद्धालु को किसी भी प्रकार की कठिनाईयों का सामना न करने पड़े इसके लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि श्रीराम एयरपोर्ट, अयोध्या रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, अयोध्या के धार्मिक कुण्डों पर बहुत तेजी से निर्माण चल रहा है। मैंने अधिकारियों को निर्देेश दिया है कि इसे बरसात से पहले-पहले पूर्ण कर लिया जाय। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तो करीब-करीब प्रतिमाह अयोध्या आते रहते हैं, उन्हीं के प्रयास से यहां पर विकास का कार्य तेजी से चल रहा है। अयोध्या में सडक़ का काम हो, पानी पीने के लिये हो जैसे काम तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु यहां आते हैं तो यह भी देखा जायेगा कि और कौन सा काम कराया जा सके। उन्होंने कहा कि अयोध्या एक महत्वपूर्ण शहर बनकर निकलेगा।
एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि रामलला पहले से विराजमान हैं क्योंकि उनका जन्मस्थल यहीं है। अब वह नये अपने भवन में जायेंगे इसके लिये पूरी तैयारी तेजी से चल रही है। उन्होंने कहा कि सूर्यकुंड आज बनकर तैयार हो गया है। अयोध्या में सम्पूर्ण कार्य जो हो रहा है उसका लाभ जनता को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *