गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कुल्लू-मनाली जाने के सभी रास्ते बंद

शिमला : हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते कई जगह भूस्खलन हुआ है। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश का कहर जारी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन मुसलाधार वर्षा का अलर्ट जारी किया है। साथ ही आठ जिलों में बाढ़ की चेतावनी भी जारी की गई है।
मंडी में बीती रात से भारी बारिश हो रही है। कुल्लू मनाली के लिए जाने वाले सभी रास्ते बंद हो गए हैं। चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे मंडी से पंडोह के बीच 6 मील और अन्य स्थानों पर मार्ग बंद है, जबकि वाया कमांद कटौला होकर कुल्लू जाने वाली सड़क कांढी और चढ़ी नाला के पास बन्द है। वहीं, गोहर चैलचैक होकर जाने वाला दूसरा वैकल्पिक मार्ग टिल्ली के पास बंद है। बल्ह घाटी में लगातार जलभराव हो रहा है। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को घरों से न निकलने की सलाह दी गई है।
मंडी शहर के खलियार वार्ड में एक छोटे से नाले में भारी बारिश के कारण इतना ज्यादा पानी आ गया कि सड़क ही जलमगन हो गई। घरों में भी पानी घुस गया है। जिला के गोहर उपमंडल में भारी बारिश का दौर जारी है। सभी नदी नाले उफान पर है, सड़कों पर नालियों का पानी बह रहा है। लोग डर के साए में है। गौरतलब है कि मंडी में 6 मिल के समीप चंडीगढ़ मनाली हाईवे पर लगातार लैंडस्लाइड हो रहा है। वही प्रशासन भी लगातार मार्ग बहाली के कार्य में जुटा हुआ है। बीती रात हुई बारिश के कारण मनाली जाने के सभी रास्ते बंद हो चुके हैं। लिहाजा अब मंडी से मनाली जाना फिलहाल संभव नहीं है।
श्री नैना देवी-आनंदपुर साहिबमार्ग के कैंची मोड़ पर भूस्खलन हुआ था। उधर, शमशान घाट के लिए बनाया जा रहा रास्ता भी भूस्खलन की चपेट में आ गया है। श्री नैना देवी के ग्रीन पार्क के पास डंगा ढह गया है, इस वजह से ऊपर बाजार को भी खतरा बना हुआ है, यहां लिफ्ट लगाने के लिए भारी मात्रा में खुदाई की गई थी, लेकिन मंदिर न्यास ने स्थानीय लोगों की मांग पर इस कार्य को बंद कर दिया था। लोक निर्माण विभाग ने बड़ी-बड़ी चट्टानें मशीनों द्वारा निकाल दी गई थी, जिससे यह जगह पूरी तरह खोखली हो चुकी है।
शिमला-कालका राष्ट्रीय राजमार्ग सोलन के चक्की मोड़ के पास पिछले कुछ समय से लगातार पहाड़ों के दरखने से अवरुद्ध है। आज उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पुलिस जवान के राइडर के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि शिमला, कांगड़ा, चम्बा, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, कुल्लू और सोलन जिलों में अगले 24 घण्टों के दौरान बाढ़ आने की आशंका है। इन जिलों में भारी वर्षा, बादल फटने और भूस्खलन की भी संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए विशेष एजवाइजरी भी जारी कर दी है।
पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने आज जारी एडवाइजरी में कहा है कि लगातार हो रही व्यापक वर्षा के कारण कई सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध हो गई हैं और नदी-नालों में अचानक बाढ़ की स्थिति बन गई है। कई स्थानों पर भूस्खलन होने से सड़क हादसे हो रहे हैं। कई पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली सड़कों पर भूस्खलन हुआ है। बड़ी संख्या में सड़क मार्ग अवरुद्ध रहे हैं। ऐसे में पर्यटक व स्थानीय लोग बहुमूल्य जीवन और संपत्ति को बचाने के लिए अनावश्यक यात्रा न करें। अति आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। इसके साथ ही कहीं पर जाने से पूर्व वहां की स्थिति और प्रशासन की सलाह का पालन करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *